Singrauli News: जिले में हर जगह रेत का अवैध परिवहन और उत्खनन धड़ल्ले से चल रहा है। जिला मुख्यालय वैढ़न हो या फिर बंधौरा, माड़ा, खुटार हो, सभी जगहों पर रात होते ही रेत लोड ट्रैक्टर, हाइवा, ट्रकों की धमाचौकड़ी शुरू हो जाती है।
रेत चोरी में लगे वाहन पूरी रात सड़कों पर धमाचौकड़ी मचाते रहते हैं, लेकिन उनको कोई रोकने वाला नहीं है। शहरी क्षेत्र हो या ग्रामीण क्षेत्र जिन मागों से रेत लोड वाहन गुजरते हैं, वह मार्ग रेत से पटे पड़े रहते हैं। सड़क पर बिखरी रेत वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। हैरानी इस बात की है कि शहर के जिन मार्गों से रेत, राखड़, कोयला परिवहन पर प्रतिबंध लगा हुआ है, रात में उन मागों से भी रेत लोड वाहन आसानी से निकल रहे हैं।
रेत चोर लाखों रुपये के राजस्व का लगाते हैं चूना
वैढ़न, बंधौरा, माड़ा क्षेत्र में प्रतिदिन दर्जनों रेत लोड ट्रैक्टर व हाइवा आसपास की नदियों से चोरी छिपे रेत निकालते हैं। नदी नालों से चोरी-छिपे रेत निकालकर महंगे दामों में बेचते हैं। चोरी की रेत होने की वजह से टीपी तक नहीं कटवाते हैं, जिससे सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। जानकारों की मानें तो जिन क्षेत्रों से रेत की चोरी रात में की जाती है उस क्षेत्र के थानों और चौकियों का पूरा संरक्षण रेत चोरों को मिला रहता है। यही कारण है कि रेत वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं होती है।
पहले पकड़ा फिर छोड़ दिया
गुरुवार की सुबह बंधौरा क्षेत्र में पुलिस द्वारा एक रेत लोड ट्रैक्टर को पकड़कर बंधौरा पुलिस चौकी लाया गया। पुलिस चौकी में सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में ट्रैक्टर न आए, इसको ध्यान में रखते हुए चौकी प्रभारी का कारखास आरक्षक अनीश सिंह पीछे के रास्ते से ट्रैक्टर को चौकी में लेकर आया और पीछे ही खड़ा करवा दिया। कुछ घंटे बाद अवैध रेत लोड ट्रैक्टर को छोड़ दिया गया। चर्चा है कि चौकी प्रभारी के कारखास ने ट्रैक्टर मालिक से लंबी डील की है, उसके बाद बगैर कोई मामला दर्ज किए बगैर रेत लोड ट्रैक्टर को जाने दिया। ट्रैक्टर पकड़ने और छोड़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
सड़क पर बिखरी रेत में फिसल रहे वाहन
शहर की बात की जाए तो मॉडल रोड में जगह-जगह रेत बिखरी हुई है। सड़क पर बिखरी रेत में दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर जाते हैं। माजन मोड़ से लेकर विंध्यनगर तक कई जगहों पर सड़क में रेत बिखरी हुई है। हैरानी इस बात है कि जिस प्रतिबंधित मार्ग से रातभर रेत का परिवहन होता है, उस मार्ग पर कई जगहों पर रात के समय पुलिस का प्वाइंट लगा रहता है, लेकिन प्वाइंटों पर तैनात पुलिस कर्मी तक रेत लोड वाहनों को रोकने की हिम्मत नहीं कर पाते हैं।