Singrauli News: यातायात नियमों के प्रति वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए बस स्टैंड में यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बस चालकों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई और उनको हिदायत दी गई कि शहर के अंदर निर्धारित गति सीमा में ही बसों को चलाएं। तेज रफ्तार से बस चलाने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान बस चालकों और अन्य वाहन चालकों को राहवीर योजना के प्रति भी जागरूक किया गया और समझाइश दी गई कि दुर्घटना होने पर अगर कोई घायल व्यक्ति सड़क पर पड़ा है तो उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने पर सरकार द्वारा 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाता है।
वाहन चलाते समय नियमों का रखें ध्यान
वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि जब भी वाहन चलाएं तो यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। नियमों का पालन करने से न केवल चालानी कार्रवाई से बचेंगे बल्कि सड़क हादसे होने की आशंका भी न के बराबर रहेगी।
पुलिस अधीक्षक शियाज केएम के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान बस स्टैंड के आसपास सड़क पर अनाधिकृत रुप से पार्क ऑटो चालकों को भी समझाइश दी गई कि वे सड़क पर ऑटो पार्क न करें। जागरूक्ता अभियान में यातायात निरीक्षक दीपेंद्र सिंह के अलावा अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे।