Singrauli Mahotsav Program 2026: सिंगरौली महोत्सव को लेकर जिले की राजनीति गरमाने लगी है। आम आदमी पार्टी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। जिसमें आगामी 23 मई को आयोजित होने वाले सिंगरौली महोत्सव कार्यक्रम को स्थगित करने की मांग की है।
ज्ञापन में पार्टी ने आरोप लगाया है कि महोत्सव में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर एवं उनकी टीम की प्रस्तुति पर लाखों रुपये खर्च किए जाने की तैयारी है, जबकि जिले में सड़क, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी समस्याएं अब भी बनी हुई हैं।
आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष नीरज कुशवाहा द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि वर्तमान समय में सरकार द्वारा सादगी अपनाने और अनावश्यक खर्च कम करने की बात कही जा रही है। ऐसे में बाहरी कलाकारों पर भारी राशि खर्च करना उचित नहीं है।
पार्टी का कहना है कि यदि यही राशि विकास कार्यों में खर्च की जाए तो आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि यदि सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना आवश्यक हो, तो इसे छोटे स्तर पर आयोजित किया जाए और स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाए, ताकि जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इस संबंध में उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी।