Singrauli Mahotsav : तीन दिवसीय सिंगरौली महोत्सव के प्रथम दिन शनिवार 23 मई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन होगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को रीवा संभाग आयुक्त बीएस जामोद और डीआईजी हेमंत चौहान सिंगरौली पहुंचे, यहां पर दोनों अधिकारियों की आगवानी कलेक्टर गौरव बैनल ने की। अधिकारियों ने सर्वप्रथम एनसीलएल ग्राउंड बिलौंजी पहुंचकर बन रहे हेलीपैड का मुआयना किया, उसके बाद कार्यक्रम स्थल राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम पहुंचे और वहां पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल के मंच सहित बैठक व्यवस्था को कल तक पूरा कर लेने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मौका
तीन दिवसीय सिंगरौली महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को भी मंच दिया जाएगा। स्थानीय कलाकार कार्यक्रम के तीनों दिन अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिसमें लोक संगीत, लोक नृत्य प्रमुख आकर्षण रहेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में आयोजित होंगे। कार्यक्रम में स्व सहायता समूहों के स्टॉल भी लगाये जाएंगे। वहीं जिले के औद्योगिक विकास की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसका अवलोकन आमजन कर सकेंगे।
तीन दिवसीय होगा आयोजन
जिले के स्थापना दिवस पर हर साल आयोजित होने वाले सिंगरौली महोत्सव का आयोजन तीन दिन तक चलेगा। महोत्सव की शुरुआत 23 मई को होगी। पहले दिन फिल्मी दुनिया के जाने-माने सिंगर कैलाश खेर अपनी सुमधुर आवाज का जादू बिखेरेंगे। दूसरे दिन यानी 24 मई को कवि सम्मेलन होगा, जिसमें देश के जाने-माने कवि सुरेंद्र शर्मा, डॉ. कविता तिवारी, डॉ. सीता सागर, विजय लक्ष्मी शुक्ला, चंदन राय, सुदीप भोला, लक्ष्मीकांत निर्भीक और मणिका दुबे अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम के अंतिम दिन प्लेबैक सिंगर भूमि त्रिपाठी कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगी।
ये भी पढ़े-
Singrauli Mahotsav में दिखेगी प्रतिभाओं की चमक, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिता का होगा आयोजन