PM College of Excellence: जिला मुख्यालय वैढ़न में स्थित प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सहित जिले में दर्जनभर से ज्यादा शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में इस समय स्नातक व स्नातकोत्तर की वार्षिक परीक्षा हो रही है। इसमें सर्वाधिक छात्र-छात्राएं PM College of Excellence में परीक्षा दे रहे हैं।
यहां स्थिति यह है कि परीक्षार्थियों को कक्षों में कच्छप गति से चल रहे पंखों के नीचे बैठकर भीषण गर्मी में परीक्षा देनी पड़ रही है। परीक्षा के पहले कक्षों में खराब पड़े और धीमी गति से चल रहे पंखों को बदलने या मरम्मत कराने की पहल नहीं की गई। इस अनदेखी का खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है।
परीक्षार्थी और वीक्षक परेशान हैं। इसके बाद भी सुधार नहीं हो रहा है। वहीं वीक्षकों ने बताया कि सोमवार को कॉलेज का वॉटर कूलर अपरान्ह तीन बजे तक बंद रहा। जिससे परीक्षार्थियों को उससे गर्म पानी मिला। इसे लेकर जब शिकवा-शिकायत की स्थिति बनी तो पता चला कि वॉटर कूलर को बंद कर दिया गया था।
इस कारण पानी ठंडा नहीं हो पाया। करीब तीन बजे उसे चालू किया गया। उधर, परीक्षा नियमों में होने के बाद भी कक्षों के बाहर जलपात्र (घड़े-आरओ वॉटर कैन) नहीं रखे जा रहे हैं। परीक्षा के दूसरे दिन तीन-चार कक्षों के बाहर वॉटर कैन रखे गए थे, जो अब नहीं रखे जा रहे हैं।
सोमवार को तीनों पालियों में पहुंचे डेढ़ हजार परीक्षार्थी
प्रधानमंत्री कॉलेज में सोमवार को तीन पालियों में परीक्षा हुई। सुबह 7 से 2 बजे की पहली पाली में बीएससी द्वितीय वर्ष के 678 विद्यार्थियों ने फिजिक्स, जूलॉजी, बॉटनी, मैथ, बायोटेक एवं केमिस्ट्री सहित 7 विषयों की परीक्षा दी। पूर्वान्ह 11 से 2 बजे की दूसरी पाली में बीए सेकंड ईयर के 498 छात्र-छात्राएं हिंदी, इतिहास, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र व समाजशास्त्र की परीक्षा देने उपस्थित हुए।
अपरान्ह 3 से 6 बजे की तीसरी पाली में बीकॉम सेकंड ईयर कॉस्ट एकाउंटिंग के तीन सौ विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। तीनों पालियों को मिलाकर कुल 1576 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। तीनों पाली में परीक्षा के सुचारू संचालन के
कक्ष में परीक्षा देते छात्र व जलपात्र कॉरिडोर।
लिए क्रमशः डॉ. रामराज सिंह-डॉ. अजय कुमार चौबे, डॉ. सीमा सोनी-डॉ. बिनेश यादव एवं अमित झा ने परीक्षा अधीक्षक व सहायक अधीक्षक के दायित्व का निर्वहन किया।