Singrauli News : साइबर ठगी के शिकार युवक को सिंगरौली पुलिस ने वापस दिलाए 51 हजार

Singrauli News : सिंगरौली पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साइबर सेल की सतर्कता से साइबर ठगी का शिकार हुए एक युवक को उसकी पूरी राशि वापस मिल गई। पुलिस के प्रयासों से युवक के खाते से धोखाधड़ी कर निकाले गए ₹51 हजार वापस कराए गए हैं।

जानकारी अनुसार शांति नगर गनियारी रोड वैढन निवासी राहुल कुमार सोनी ने साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि साइबर ठगों ने उनके खाते से 51,000 की राशि किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर ली थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल सिंगरौली ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और संबंधित खाते तथा खाताधारक से संपर्क स्थापित किया।

लगातार प्रयास और प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप 1 जून को राहुल सोनी की पूरी राशि 51 हजार वापस करा दी गई। राशि वापस मिलने पर फरियादी ने सिंगरौली पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिंगरौली शियाज़ के.एम. के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। मामले में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक पवन सिंह और आरक्षक प्रशांत केशरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों अधिकारियों ने संबंधित पक्षों से लगातार संपर्क और समन्वय बनाकर फरियादी को उसकी पूरी रकम वापस दिलाने में सफलता हासिल की।

सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक या डिजिटल लेन-देन से जुड़ी धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Singrauli News : सिंगरौली में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत

Leave a Comment