Singrauli News: जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत कूदवार चौकी के ग्राम कूदवार टोला कोयलकाट में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में नाबालिग बालक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, राजेश यादव पुत्र तिलकधारी यादव, निवासी ग्राम धौहनी, अपने ननिहाल ग्राम कूदवार टोला कोयलकाट घूमने आया हुआ था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे गांव में टेंट का सामान लेकर पहुंचे ट्रैक्टर से सामान उतारा जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर को पीछे किया जा रहा था, तभी राजेश अचानक ट्रॉली की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। बताया जा रहा है कि दुर्घटना शिक्षक ददन सिंह के महिंद्रा ट्रैक्टर से हुई।
सूचना मिलते ही कूदवार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर भेजा, जहां पीएम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। ट्रैक्टर चालक की भूमिका सहित हादसे की परिस्थितियों की विस्तृत विवेचना की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Singrauli News: रीवा में 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरे 1 साल के मासूम को सुरक्षित निकाला