Singrauli News: सिंगरौली जिले के देवसर मुख्य बाजार में रविवार देर रात एक भीषण आगजनी की घटना सामने आई, जिसने स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों की चिंता बढ़ा दी है। बाजार स्थित गौरव साइकिल स्टोर के मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात लोगों ने मकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में मकान के भीतर रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह अन्य दुकानों और मकानों को सुरक्षित रखने की कोशिश की, जिससे बड़ा हादसा टल सका।
सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अमला और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। हालांकि तब तक मकान के भीतर रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है।
गौरतलब है कि देवसर बाजार में पिछले चार दिनों के भीतर आगजनी की यह दूसरी बड़ी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में स्थायी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं होने के कारण आग लगने की स्थिति में समय पर राहत नहीं मिल पाती। यदि दमकल वाहन दूर से आते हैं तो तब तक नुकसान काफी बढ़ जाता है।
व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि देवसर जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थायी फायर ब्रिगेड केंद्र स्थापित किया जाए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत कार्रवाई की जा सके। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही आगजनी की घटनाएं भविष्य के लिए गंभीर चेतावनी हैं और प्रशासन को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
Singrauli News: बैक होते ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आए 13 वर्षीय बालक की उपचार के दौरान मौत
Singrauli News: अभी तक सिंगरौली में नहीं शुरू हुआ एनएच-39 का कार्य