Singrauli News: सिंगरौली पुलिस ने जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के तहत आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 110 प्रकरण दर्ज किए गए तथा 1049.15 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 4.25 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक सिंगरौली शियाज के एम के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार दबिश, चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस ने प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
सरई थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान सरई थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पोखरीटोला इमलीडीह में एक मारुति सुजुकी ईको वैन (वाहन क्रमांक MP66ZG7496) में भारी मात्रा में अवैध शराब रखी हुई है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और वाहन की तलाशी ली। जांच में वाहन से कुल 49 कार्टून अवैध देशी शराब बरामद हुई। इनमें 25 कार्टून देशी लाल मसाला तथा 24 कार्टून देशी प्लेन शराब शामिल थी।
पुलिस के अनुसार प्रत्येक कार्टून में 50 पाव और प्रत्येक पाव 180 मिलीलीटर का था। इस प्रकार कुल 2450 पाव यानी 441 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.70 लाख रुपये है।
कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में प्रयुक्त सफेद रंग की मारुति सुजुकी ईको वैन (MP66ZG7496) को भी जब्त किया गया। वाहन की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये बताई गई है। शराब और वाहन सहित कुल जब्त मशरूका का मूल्य लगभग 7.70 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस ने मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। वाहन मालिक एवं शराब तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।