Singrauli News : सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत हथिओदरा (चौराडाड़) जंगल में अल्ट्राटेक कंपनी का सीमेंट लेकर जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। वहीं सूचना पर डायल-112 की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। बताया जा रहा है कि चालक को सुरक्षित निकालने के लिए जेसीबी मशीन बुलाकर ट्रेलर के क्षतिग्रस्त हिस्से की कटिंग कराई जा रही है।
रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है ताकि चालक को बिना किसी अतिरिक्त नुकसान के बाहर निकाला जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक जीवित है और उससे बातचीत भी हो रही है। फिलहाल पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।