Singrauli News Cyber Fraud: साइबर फ्रॉड से लोगों को बचाने और ऑनलाइन लेनदेन करते समय सवधानी बरतने के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस द्वारा सेफ क्लिक अभियान के तहत शहर से लेकर गांव देहात तक जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
सोमवार को माड़ा, मोरवा, विंध्यनगर, सरई सहित अन्य थाना क्षेत्रों में लोगों को बताया गया कि अगर कोई साइबर अपराधी डिजिटल अरेस्ट की धमकी देता है, तो तत्काल उसकी शिकायत पुलिस से करें। वहीं मोबाइल पर आने वाली अनजान लिंक को कभी टच न करें, क्योंकि साइबर अपराधी ठगी का शिकार बनाने के लिए नये-नये तरीके अपनाते हैं।
स्क्रीन शेयरिंग एप से रहें सतर्क
लोगों को बताया गया कि साइबर ठग लोगों से ठगी करने के लिए नये तरीके अपना रहे हैं। वर्तमान में स्क्रीन शेयरिंग एप के माध्यम से ठगी कर रहे हैं, लिहाजा एप का उपयोग करने में सभी लोग सतर्कता बरतें। अनजान व्यक्ति फोन पर ओटीपी, पासवर्ड आदि की जानकारी मांगता है तो उसे कतई न बताएं।
एसपी शियाज केएम के निर्देश पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत माड़ा में आयोजित कार्यक्रम में एसडीओपी रोशनी कुर्मी, टीआई शिवपूजन मिश्रा सहित अन्य पुलिस कर्मी व स्थानीय लोग शामिल थे।