Singrauli News: तेलाई से पचौर पुलिस लाइन तक संचालित मार्ग पर शुक्रवार को राखड़ लोड एक हाइवा की चपेट में आने से दो गोवंशों की मौत हो गई और एक गोवंश घायल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रोकथाम को लेकर उपाय न किए जाने पर सनातन रक्षा मंच के अध्यक्ष संतशरण भट्ट के नेतृत्व में चक्काजाम कर दिया। जिसकी सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जहां आंदोलित ग्रामीणों से तहसीलदार की बहस हो गई।
सनातन रक्षा मंच के अध्यक्ष संतशरण भट्ट के अनुसार इस मार्ग पर आइटीआइ कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, मॉडल स्कूल, नवोदय विद्यालय, शहरी तहसील, आईटीओ कार्यालय सहित अन्य दो प्राइवेट स्कूल होने के कारण भारी वाहन निषेध है।
इसके बाद भी शार्टकट के फेर में अवैध गतिविधियों में शामिल रेत वाहन, कोल वाहन, गिट्टी वाहन, मालवाहक, कबाड़ वाहन रात के अंधेरे में अवैध गतिविधियों को संचालित करते आ रहे हैं। संगठन व ग्रामीणों ने समय-समय पर आपत्ति जताई, परंतु कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की कुंभकर्णी निद्रा के कारण एक बार सड़क फिर गौमाता के खून से लाल हो गई। मौके पर दो गोवंशों की जान चली गई, जबकि एक घायल हो गया।
अवैध परिवहन रोकने दस दिन का दिया समय
उन्होंने कहा कि प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर समस्या के समाधान पर चर्चा न करके कानून का पाठ पढ़ाना चालू कर दिया। हालांकि, लोगों के आक्रोश को देखते हुए अधिकारियों के लिखित आश्वासन पर सड़क को खाली की गई। और प्रशासन को 10 दिवस का समय दिया गया यदि इस 10 दिवस के अंदर ऐसे समस्त गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो संगठन आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल तथा चक्काजाम करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Singrauli News: किसान मौत मामले में पूर्व महापौर समेत तीन पर केस, ठेकेदार को मिली राहत