Singrauli News: कोतवाली थाना क्षेत्र के परसदेही गांव में पावर ग्रिड कंपनी के टावर निर्माण का विरोध करते समय एक किसान की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। किसान की मौत के बाद उपजे विवाद के दौरान जनप्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों और जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के बीच कहासुनी हो गई थी। फिर इसके बाद अब पूर्व महापौर रेनू शाह, भास्कर मिश्रा और राधिका शाह के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पैदा करने सहित अन्य धाराओं के तहत कोतवाली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
जबकि विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थानीयजनों और मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया गया था कि पावर ग्रिड कंपनी के संविदाकार राहुल पांडेय के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाएगा, लेकिन पुलिस आज तक संविदाकार के खिलाफ मामला दर्ज नहीं की है। जिससे जनप्रतिनिधियों के अलावा ग्रामीणों में खासा आक्रोश व्याप्त हो गया है।
संविदाकार को बचाने का आरोप
ग्रामीणों की तरफ से लड़ाई लड़ने वाली पूर्व महापौर रेनू शाह व दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस और जिला प्रशासन के लोग संविदाकार को बचाने का प्रयास कर रहे है यही कारण है कि आश्वासन दिए जाने के बाद भी संविदाकार के खिलाफ किसी तरह का मामला अभी तक दर्ज नहीं किया गया है।
ग्रामीणों का साफ आरोप है कि किसान जगदीश शाह की मौत के लिए सीधे तौर पर संविदाकार जिम्मेदार है। घटना दिनांक को घटना स्थल पर लोगों का गुस्सा संविदाकार के प्रति अधिक था।
पटवारी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस की माने तो मझौली हल्के के पटवारी विष्णु प्रताप वर्मा की शिकायत पर तीनों लोगों के खिलाफ धारा 132, 195 (1) 221, 351 (1) 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि तीनों लोगों को बार-बार समझाइश दिए जाने के बाद भी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट से अभद्रतापूर्ण तथा अपमानजनित तरीके से धमकाना, शांति व्यवस्था भंग करने तथा जाम लगाने के लिए लोगों को उकसाया गया। कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि जिन तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है उनकी जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
Singrauli News: तेज रफ्तार वाहन ने तीन गोवंशों को कुचला, दो की मौत, नगर निगम पर लापरवाही के आरोप