Singrauli News: आंधी-तूफान में गिरी कच्ची दीवार, 9 वर्षीय बच्ची की मौत, दो गंभीर घायल

Singrauli News: सिंगरौली जिले के सासन चौकी क्षेत्र में रविवार को आए तेज आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज हवा के बीच एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 9 वर्षीय बच्ची कल्पना साकेत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ललन और 6 वर्षीय रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल बैढ़न पहुंचाया। अस्पताल में दोनों घायलों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सासन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि रविवार को क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के कारण कई कच्चे मकानों व दीवारों को नुकसान पहुंचा। इसी दौरान यह दीवार अचानक ढह गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

Leave a Comment