Singrauli News : ऑटो में यात्री बैठाने और वाहन खड़े करने को लेकर चालकों में जमकर विवाद हुआ। शहर के भीड़भाड़ वाली जगह बस स्टैंड में दो ऑटो चालकों के बीच सरेराह मारपीट से अफरा-तफरी का माहौल निर्मित रहा। बुधवार को हुई मारपीट की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। भीड़भाड़ वाली जगह पर चालकों के बीच चले लात-घूसों से जाम के हालात निर्मित हो गए थे, लेकिन कोई भी जिम्मेदार वहां पर नजर नहीं आया। जबकि बस स्टैंड में यातायात और कोतवाली थाने के स्टॉफ की हर समय तैनाती रहती है। सड़क पर चल रहे विवाद को आसपास के लोगों ने किसी तरह से शांत कराया, तब जाकर सड़क से आवाजाही शुरू हो पाई।
आए दिन होता है विवाद
शहर की मुख्य बस स्टैंड और आसपास की सड़कों पर आए दिन यात्री बैठाने को लेकर ऑटो चालकों के बीच विवाद होता है। समय रहते अगर समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो किसी भी दिन हालात गंभीर हो सकते है। पहले बस स्टैंड के पास एक पुलिस सहायता केंद्र बना था, लेकिन उस सहायता केंद्र को भी हटा दिया गया, जिससे बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्र में हर समय अराजकता का माहौल निर्मित रहता है। हैरानी इस बात की है कि बस स्टैंड जैसे संवेदनशील जगह पर पुलिस का बीट कर्मी भी अक्सर नदारद रहता है।
बस स्टैंड, माजन मोड़ सहित अन्य जगहों पर आए दिन होती है मारपीट
शहर की सड़कों पर सैकड़ों की संख्या में यात्री ऑटो और ई-रिक्शा दौड़ रहे हैं। कई ऑटो बगैर परमिट के शहर की सड़कों में दिनभर धमाचौकड़ी मचाते रहते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कभी कार्रवाई नहीं की जाती है। जिन ऑटो को ग्रामीण परमिट मिली है, वह भी शहर के अंदर चलते हैं, जिससे शहर की सड़कों में हर समय जाम के हालात निर्मित होते हैं। ऑटो चालकों के बीच यात्री बिठाने को लेकर सबसे अधिक विवाद होता है।
Singrauli News: तेज रफ्तार कैंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर घायल