Chitrangi News: चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम सुदा में एक आदिवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भुनेश्वर उर्फ छंगू कोल उम्र 40 वर्ष पुत्र रामभजन कोल, निवासी ग्राम सुदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह 23 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे घर से गांव में घूमने के लिए निकला था, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कुछ समय बाद उसका शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल नवानगर थाना प्रभारी अनिल पटेल और गढ़वा थाना प्रभारी विद्यावारिध तिवारी को मौके पर भेजकर जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस टीम संदिग्धों से पूछतांछ कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी सुराग जुटाने का प्रयास जारी है। फिलहाल आरोपी का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। कार्रवाई में उपनिरीक्षक आरके वर्मा, एएसआई मोहन पनाड़िया सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
ये भी पढ़े-