Singrauli News: महुआ बीनने गई महिला पर भालू का हमला, वन विभाग की सतर्कता से बची जान

Singrauli News: सिंगरौली जिले के खोलका टोला में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक, लेकिन राहत भरी घटना सामने आई, जहां महुआ बीनने जंगल गई एक महिला पर जंगली भालू ने हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे फूलबाई  पिता जमाहिर सिंह रोज की तरह महुआ चुनने जंगल गई थीं,  तभी अचानक झाड़ि़यों में छिपे भालू ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह शोर मचाकर भालू को भगाया और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घायल महिला को तत्काल बैढ़न ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सिंगरौली रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। अस्पताल में उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही वन मंडल अधिकारी और वन परिक्षेत्र अधिकारी पुष्पा सिंह सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल महिला के परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। वन विभाग की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है और उपचार का पूरा खर्च उठाने की बात कही गई है।
साथ ही महिला की देखभाल के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इस घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। विभाग ने खास तौर पर महुआ और तेंदूपत्ता सीजन के दौरान जंगल जाने वालों से समूह में जाने, सतर्क  रहने और जंगली जानवरों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी भालू और तेंदु की गतिविधियां देखी गई हैं, लेकिन इस तरह का हमला लंबे समय बाद सामने आया है। घटना ने एक बार फिर जंगल से सटे गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रहा है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
ये भी पढ़े-

Leave a Comment