Singrauli News: स्थानीय विकासखंड के कोरावल क्षेत्र में लोनिवि द्वारा खम्हरिया से कोलडीहा तक बन रही लगभग 6 किलोमीटर लंबी पीक्यूसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश तेज हो गया है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य को पूरी तरह गुणवत्ता विहीन बताते हुए विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में प्रारंभिक स्तर से ही लापरवाही बरती जा रही है। अर्थवर्क सही तरीके से नहीं किया गया है, जिससे सड़क की नींव ही कमजोर नजर आ रही है। इसके अलावा सीआरएम की ग्रेडिंग मानकों के अनुरूप नहीं है और डीएलसी की मिक्सिंग भी घटिया स्तर की बताई जा रही है।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि निर्माण में डॉवेल बार का उपयोग तक नहीं किया जा रहा। मोड़ वाले स्थानों पर सुपर एलिवेशन का कार्य भी मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कंक्रीट मिक्स में ओपीसी सीमेंट और निर्धारित ग्रेड का उपयोग नहीं किया जा रहा है, जबकि हर 4-5 मीटर पर डॉवेल बार लगाया जाना चाहिए, जो पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। सड़क में कैम्बर और बेस लेयर तक में भारी खामियां बताई गई हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
ये भी पढ़े-