Singrauli News: सड़क से जा रहे बाइक सवार युवक पर गिरा महुए का पेड़, दबकर हुई मौत

Singrauli News: मंगलवार को नवानगर-जयंत मार्ग में निगाही गेट के पास मेन रोड में एक भयानक हादसा हो गया, जिसमें एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुबह करीब साढ़े 10 बजे जब न आंधी चल रही थी और न ही बारिश हो रही थी, ऐसे में निगाही गेट के पास सडक किनारे एक महुआ का विशाल पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गया। यह पेड़ जब सड़क पर गिरा तो वहां से गुजर रहा बाइक सवार इसकी चपेट में आकर बुरी तरह से दब गया।

आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में महुए के पेड़ के नीचे दबे बाइक सवार युवक को काफी मशक्कत के बाद निकाला और तत्काल निगाही परियोजना की डिस्पेंसरी ले गये, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुये नेहरू अस्पताल भेजा गया। नेहरू अस्पताल में युवक को आईसीयू में भर्ती कर इलाज भी शुरू कर दिया गया, लेकिन इसके बाद भी उसकी सांसें थम गई और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक अरुण कुमार साहू पिता वरिष्ठ लाल साह निवासी घोरौली कला का बताया जा रहा है।

क्षेत्र में भी शोक की लहर, जिला अस्पताल पहुंचे सिंगरौली विधायक

बताया जा रहा है कि अरुण ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। अरुण फिलहाल एनटीपीसी टांडा में कार्यरत थे और यहां छुट्टी में आये हुये थे। इसके अलावा वह नवानगर क्षेत्र में एक प्राइवेट स्कूल भी संचालित कर रहे थे। वह यहां निगाही गेट के पास से नंदगांव की ओर जब जा रहे थे, तभी उनके साथ यह हृदयविदारक हादसा हुआ। अरुण की हुई इस अचानक मौत से परिक्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ पड़ी। वह अपने पीछे दो बच्चों व पत्नी समेत पूरा परिवार छोड़ गए। वहीं, इस हादसे की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक रामनिवास शाह समेत अन्य लोग भी जिला अस्पताल सह ट्रामा सेंटर पहुंचे थे।

सड़क पर पेड़ के गिरने के बाद मौके पर मच गई अफरा-तफरी

वहीं, मेन रोड पर अचानक महुआ के पेड़ के गिरने के इस हादसे से मौके पर भी अफरा-तफरी मच गई थी। महुए का पेड़ इतना विशाल था कि मेन रोड पर उसके गिरने से पूरा आवगामन ही रुक गया। जिससे देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगने लगीं। हालांकि, कुछ देर तक जब रास्ता क्लीयर नहीं हुआ तो छोटे वाहन वाले इधर-उधर से दूसरे मार्गों से आवागमन करने लगे, लेकिन बड़े वाहनों के समक्ष इंतजार करने के अलावा कोई ऑप्शन न था। दूसरी ओर हादसे की सूचना मिलते ही निगाही सुरक्षा विभाग की टीम और नवानगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी मिलकर मेन रोड पर गिरे पेड़ को हटवाने का कार्य शुरू करा दिया, लेकिन पेड़ को हटाकर आवागमन सुचारू कराने में करीब डेढ़ घंटे से अधिक देर तक का समय लग गया।

गिरने के काफी देर पहले से पेड़ से आने लगी थीं आवाजें

जो महुए का पेड़ गिरा, उसे लेकर बताया जा रहा है कि उस पेड़ से सुबह से अजीब आवाजें आ रही थीं, जिससे लोगों को यह अंदेशा हो गया था कि शायद यह पेड़ गिर सकता है। इसलिए वहां मौके पर एक प्राइवेट गार्ड को तैनात किया गया था, जो कि लोगों को सतर्क कर जानकारी दे रहा था, लेकिन इसके बाद भी जब यह हादसा हो गया और एक जान चली गई तो सवाल उठता है कि आखिर जब ऐसे खतरे का अंदेशा पहले से था तो इससे अधिक प्रभावी प्रयास क्यों नहीं किये गये ?

ये भी पढ़े-

Summer Camp: बच्चों को प्रोत्साहित करने शुरू हुआ 10 दिवसीय समर कैम्प

NEET पेपर लीक में NTA पर बड़ा सवाल, FIR दर्ज न होने से बढ़ा विवाद

Leave a Comment