Singrauli News: नपानि के सफाई कर्मचारियों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। करीब 175 सफाई कर्मी नियमितीकरण समेत कई मांगों को लेकर नगर निगम कार्यालय के सामने धरने पर बैठे रहे। हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों, बाजारों और मुख्य सड़कों पर कचरे का अंबार लग गया है। जगह-जगह फैले कचरे और उठ रही बदबू से आम नागरिकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी बीच विधायक रामनिवास शाह धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। उनके साथ नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, पूर्व विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष नरेश शाह, नगर निगम के उपायुक्त सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
विधायक ने कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा उन्हें जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। वहीं विधायक रामनिवास शाह ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी जायज मांगों को नगर निगम महापौर, ननि अध्यक्ष, आयुक्त और संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उनकी आवाज विधानसभा और राजधानी भोपाल तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से शहरहित और जनहित को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक संवाद बनाए रखने की अपील भी की। उधर सफाई व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ने से आमजन में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सफाई कर्मियों की बढ़ती जा रही नाराजगी
धरना पर बैठे कर्मचारियों ने विधायक के सामने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। कर्मचारियों का कहना था कि वर्षों से निगम में काम करने के बावजूद उन्हें स्थायी नहीं किया गया। कई बार आश्वासन मिले, लेकिन आज तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
कर्मचारियों ने सीधे तौर पर महापौर रानी अग्रवाल को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन अब उन वादों को भुला दिया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि स्थायीकरण, वेतन विसंगति, सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारी हितों से जुड़ी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।