Singrauli News: सिंगरौली की राजनीति और विकास प्राधिकरण के इतिहास में आज गुरुवार का दिन खास बन गया, जब सिंगरौली विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल शपथ ग्रहण के लिए बिल्कुल अलग अंदाज में रवाना हुए। सादगी, जनसंपर्क और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने आलीशान गाड़ि़यों के काफिले की बजाय ई-रिक्शा को चुना, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
सुबह अपने निवास से निकलने के बाद वीरेन्द्र गोयल सबसे पहले एलआईजी चौक पहुंचे, जहां उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद मोरवा स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और फिर जनआशीर्वाद यात्रा की शुरुआत हुई। जैसे ही ई-रिक्शा में सवार होकर उनका काफिला मोरवा की सड़कों पर निकला, पूरा माहौल उत्सव में बदल गया।
जगह-जगह व्यापारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई तो कहीं मिठाइयां बांटी गईं। ढोल-नगाड़ों की थाप पर समर्थक नाचते-गाते नजर आए। वीरेन्द्र गोयल जिंदाबाद और भाजपा जिंदाबाद के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हुजूम उनके साथ चलता दिखाई दिया।
मोरवा से शुरू हुई यह यात्रा जयंत तिराहा, नवानगर, माजन मोड़, बड़े हनुमान मंदिर बैढ़न, इंदिरा चौक और भाजपा कार्यालय होते हुए विकास प्राधिकरण कार्यालय पहुंची। इस दौरान वीरेन्द्र गोयल ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहल भी बड़े बदलाव का कारण बन सकती हैं। सिंगरौली विकास प्राधिकरण कार्यालय में उनका शपथ ग्रहण एवं पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। जहां उन्होंने पद का शपथ लिया। इस दौरान पुरोहित डॉ. एनपी मिश्रा ने मंत्रोच्चारण किया।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के संभागीय संगठन प्रभारी विजय दुबे, राज्यमंत्री राधा सिंह, सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व प्रदेश मंत्री राजेश पाण्डेय, पूर्व प्रदेश महामंत्री, शरदेंदु तिवारी, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान राज्यमंत्री राधा सिंह व सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने वीरेन्द्र गोयल को प्राधिकरण की मिली जिम्मेदारी को बखूबी निर्वहन करने की बात कहते हुये शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। तत्पश्चात सीडा सीईओ सुरेश जाधव, कार्यपालन यंत्री मनोज बाथम व तहसीलदार अभिषेक यादव ने पदभार ग्रहण कराया। इस दौरान भारी संख्या में व्यापारी, भाजपा के पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सिंगरौली के विकास के लिए खड़ा रहूंगा
सिंगरौली विकास प्राधिकरण के पदभार ग्रहण के दौरान नवनियुक्त सीडा अध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल ने कहा कि हमे जो शीर्ष नेतृत्व के द्वारा जिम्मेदारी सौपी गई है, उस जिम्मेदारी को बखूबी निर्वहन करने के लिए दिन-रात मेहनत करूंगा, ताकि सिंगरौली का चहुमुखी विकास हो सके। उसके लिए खड़ा रहूंगा। शहर का रोड मैप तैयार होना चाहिए, प्राधिकरण के कायाकल्प को बदलूंगा।
जो जिम्मेदारी मुझे सौपी गई है, उसके लिए मैं गनमैन, गाड़ी व कुर्सी के लिए सीमित नही रहूंगा। यह कुर्सी आम जनता के हित में कार्य करने के लिए मिली है, उसके लिए मैं हमेशा खरा उतरने का प्रयास करूंगा। वहीं भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ये भी पढ़े-