Singrauli News: सरई क्षेत्र की कोयला खदानों में कार्यरत आउटसोर्स व ओबी कंपनियां कॉमर्शियल डीजल की जगह आम जनता व किसानों के लिए पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध डीजल का उपयोग कर रही हैं। ऐसे ही एक डीजल टैंकर को मंगलवार को अमिलिया कोल माइंस के धरनारत विस्थापितों ने पकड़कर बरगवां तहसीलदार के हवाले कर दिया।
पश्चिम एशिया संकट के बीच वैसे भी डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की किल्लत के कारण सीमित उपयोग का निर्देश है। इसके बाद भी खेती किसानी के सीजन में जो डीजल किसानों को मिलना चाहिए वह पेट्रोल पंपों द्वारा ओबी कंपनियों और आउटसोर्स एजेंसियों को दे दिया जा रहा है।
चालक के पास मिले कागज के अनुसार उसने मोरवा मेन रोड स्थित सिंगरौली सर्विस स्टेशन से दस हजार लीटर सामान्य डीजल लोड किया था। जिसे लेकर अमिलिया (पिड़रवाह) ओपन कोल माइंस में काम कर रही धनसार इंजीनियरिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड में जा रहा था।
आंदोलनरत विस्थापितों ने काम रोकने के क्रम में पकड़ा
पचौर में मांगों को लेकर टीएचडीसी कंपनी का काम रोकने के लिए आंदोलनरत पांच गांवों के विस्थापितों की नजर डीजल लोड टैंकर पर पड़ी तो उन्होंने उसे रोक लिया। चालक से पूछताछ में पता चला कि टैंकर में सामान्य डीजल लेकर वह माइंस में जा रहा है। इसके बाद विस्थापितों ने इसकी जानकारी बरगवां तहसीलदार को दी। उनके पहुंचने के बाद डीजल लोड टैंकर को उनके हवाले कर दिया।
दस हजार लीटर डीजल 9 लाख 97 हजार 800 रुपये का
चालक के पास मिले दस्तावेज के अनुसार टैंकर में दस हजार लीटर एचएसडी डीजल भरा था। दस्तावेज में उसका मूल्य 99 रुपये 78 पैसे के हिसाब से 9 लाख 97 हजार 800 रुपये लिखा था। बताया जा रहा कि औद्योगिक गतिविधियों में लगी कंपनियों को कॉमर्शियल डीजल-पेट्रोल का उपयोग करना है, मगर इसकी अनदेखी कर आम जनता और किसानों के लिए पंपों पर आने वाले ऑयल लिया जाता है।
इनका कहना है
विस्थापितों द्वारा डीजल लोड टैंकर पकड़कर हवाले किया गया है। चालक के पास मिले दस्तावेज को कल देखने के बाद कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर कॉमर्शियल की जगह सामान्य डीजल के उपयोग के बारे में पूछा जाएगा। इसके साथ ही खनन उद्योग में डीजल-पेट्रोल उपयोग के क्या निर्देश हैं इसे भी देखेंगे।
Singrauli News: शहर में दौड़ती सिटी बसों से किराया सूची गायब, यात्रियों से होती मनमाफिक वसूली
Singrauli News: कलेक्टर और एसपी ने माड़ा ईको पार्क में लिया जिप लाइन व जिप वॉक का आनंद