Singrauli News: सिंगरौली जिले में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के नाम पर नगर निगम द्वारा संचालित जो सिटी बस सेवा है, उसमें यात्रियों की सुविधाओं और सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी बने हुये हैं। जिससे यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ता है। साथ ही कई यात्री आरोप भी लगाते हैं कि बस वाले अक्सर मनमाना किराया भी वूसले हैं।
इसके लिए जब विरोध किया जाता है, वह यह कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं कि जो किराया तय है वह मांगा जा रहा है और इसके बाद जब नगर निगम द्वारा जारी किराया सूची मांगी जाती है तो वह न तो किराया सूची दिखाते हैं और न ही बस में उस सूची को चस्पा रखते हैं। ऐसे में यह स्पष्ट होता है कि यह लोग यात्रियों से मनमाफिक किराया वसूलने के लिए बस में किराया सूची चस्पा नहीं करते।
जबकि नियम यह है कि बस संचालकों को नगर निगम के द्वारा किराया सूची बस में ऐसी जगह पर चस्पा होनी चाहिए, जहां से यात्रियों को वह सूची आसानी से दिख सके। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर नगर निगम क्या कर रहा है?
मनमाफिक किराया वसूलने के कई बहाने
बताया जा रहा है कि जब से पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि हुई है तब से इसे वजह बताकर मनमाफिक किराया वसूलने की उन्हें जैसे छूट ही मिल गई है और इसके बाद भी शासन द्वारा तय किराया सूची तक नहीं दिखायी जाती है। कुछ यात्री तो यह भी आरोप लगाते हैं कि तेल के रेट बढ़ने के पहले से ही कुछ बस वाले तेल की किल्लत के नाम पर ही किराया बढ़ाकर वसूलने लगे थे।
कई बसों में खिड़कियां भी टूटीं
ननि क्षेत्र की इन यात्री बसों में यात्री सुविधाओं व सुरक्षा के नाम पर आवश्यक इंतजाम भी नाकाफी हैं। कई बसों में कुछेक खिड़कियां टूटी हैं तो कुछ में खिड़कियों की कांच सही से न तो खुलते व न बंद होते हैं। ऐसे में जब धूल का गुबार उठता है तो न तो उससे बचाव हो पाता है और न ही जरूरत पड़ने पर खिड़की को खोलकर हवा ले पाते हैं। कुछ बसों में सीटें भी व्यवस्थित नहीं रहती हैं।
यात्री सुविधाएं व सुरक्षा भी नाकाफी
बताया जा रहा है कि कुछ सिटी बसों में तो यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर फायर सेफ्टी इंतजाम तक नहीं किये गये हैं। ऐसे में जब इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के दौर में वाहनों में अचानक आगजनी की घटनाएं हो जा रही हैं, तो ऐसी कोई स्थिति किसी बस में बनी तो फायर सेफ्टी के अभाव के कारण स्थिति बिगड़ सकती है, जिसकी जिम्मेदारी बस संचालक की ही होगी।
Singrauli News: बलिया नाला की जर्जर रोड से बढ़ रहा हादसों का खतरा
Singrauli News: कलेक्टर और एसपी ने माड़ा ईको पार्क में लिया जिप लाइन व जिप वॉक का आनंद