Singrauli News: हाईवे पर बिखरी रेत बनी युवक की मौत का कारण, बस के डिवाइडर से टकराने पर गई जान

Singrauli News: नेशनल हाइवे-39 में बरगवां के पास बीच सड़क पर बिखरी पड़ी रेत एक युवक के लिए काल बन गई। बताया जा रहा है कि बरगवां के पास मुख्य सड़क पर रेत बिखरी थी, जिसे बस चालक ठीक से देख नहीं पाया और बस रेत में फिसलते हुए अनियंत्रित होकर रोड डिवाइडर से टकरा गई।

यह हादसा बुधवार की रात करीब 10.30 बजे का बताया जा रहा है। बस में सवार लोगों ने बताया कि बस इतनी तेज रफ्तार में थी कि डिवाइडर से टकराने के बाद बस में बैठा युवक राजेश पाठक उर्फ लाला निवासी सुपेला बस से नीचे गिर गया और टायर के नीचे दब गया। जब तक युवक को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जिस समय हादसा हुआ, उस समय बस में तीन दर्जन से अधिक यात्री सवार थे, डिवाइडर से टकराने पर बस में सवार पांच अन्य यात्रियों को भी चोट पहुंची है, जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

स्थानीय लोगों की मानें तो सड़क पर जो रेत का ढ़ेर रखा गया था, वह किसी रेत परिवहन में लगे वाहन ने पुलिस की कार्रवाई के डर से सड़क पर गिरा दी थी। सड़क पर रेत न बिखरी होती तो शायद हादसा नहीं होता। घटना के बाद मौके पर पहुंची बरगवां थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस का कहना है कि रेत किसने गिराई, इसकी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक हिंडालकों कंपनी में काम करता था। बुधवार की रात वह देवसर से बस से बरगवां हिंडालकों प्लांट में ड्यूटी करने के लिए आ रहा था।

एनएच में आए दिन हो रहे हादसे

नेशनल हाइवे 39 सीधी से सिंगरौली के बीच इतना बदहाल है कि आए दिन लोग सड़क हादसे का शिकार हो रहे है। यह हाइवे पिछले 14 साल से बन रहा है जो आज तक नहीं बन पाया है। सब से बुरे हालात झुरही, कोहराखोह, खाखन नदी के पास है। जहां पर आए दिन कोई न कोई दुर्घटना हो रही है लेकिन जिम्मेदार लोग सड़क की मरम्मत कराने के लिए ध्यान नहीं दे रहे है।

Singrauli News: पहली बारिश में ही मॉडल कॉलेज रम्पा का परिसर बना तालाब

Leave a Comment