Singrauli News: सिंगरौली जिले में मानसून ने बुधवार को कायदे से दस्तक दी। अपरान्ह बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जोरदार बारिश का क्रम शुरू हो गया तो शाम साढ़े सात बजे के बाद जिला मुख्यालय वैढ़न में दो से ढाई घंटे तक मूसलधार बारिश हुई। जिससे कई मोहल्ले जलमग्न हो गए। इससे करीब चार घंटे पहले माड़ा-रजमिलान क्षेत्र में जोरदार बारिश हुई। इस कारण रम्पा स्थित शासकीय आदर्श महाविद्यालय परिसर तालाब बन गया।
यह स्थिति कुछ माह पूर्व मैदान समतलीकरण के क्रम में मिट्टी गिराने के बाद नाली को आपस में कनेक्ट न करने के कारण पैदा हुई। कॉलेज स्टाफ के अनुसार परिसर और मैदान का समतलीकरण करने वाली कंपनी ने आग्रह के बाद भी नालियों के निर्माण में असमर्थता जता दी। कॉलेज प्रशासन ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया।
ऐसे में बुधवार को सीजन की पहली मानसूनी बारिश हुई तो कॉलेज के चारों ओर जलभराव हो गया। घुटने तक पानी भरने से स्टाफ कॉलेज में फंसा रहा गया। दीक्षारंभ का दिन होने के कारण छात्र-छात्राओं को भी निकलने में परेशानी हुई। कॉलेज के शिक्षकों ने कहा कि यदि इस समस्या को जल्द दूर नहीं किया गया तो प्रवेश उत्सव के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं और स्टाफ को आवागमन में बहुत परेशानी होगी। ऐसे में जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की जरूरत है।