UP News: अग्निकांड की घटना के सिलसिले में एलडीए के 25 अधिकारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

UP News: लखनऊ विकास प्राधिकरण ने वहां अलीगंज इलाके में सोमवार को एक इमारत में आग लगने की घटना में 15 लोगों की मौत के मामले में अपने 25 मौजूदा और पूर्व अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया कि प्राधिकरण ने इस मामले IRS में अपने अधिकारियों की भूमिका की जांच के लिए एक आंतरिक जांच समिति बनाई थी।

उन्होंने कहा, हमने प्रांतीय लोकसेवा (पीएएस) के छह वरिष्ठ अधिकारियों और 19 अभियंताओं की पहचान की है। वे संबंधित क्षेत्र में जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के तौर पर तैनात थे तथा इस मामले में उनकी जिम्मेदारी बनती है। हमने सरकार से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की है। अलीगंज की जिस तीन मंजिला इमारत में सोमवार को भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हुई, उसका नक्शा रिहायशी इस्तेमाल के लिये मंजूर किया गया था, लेकिन उसका प्रयोग वाणिज्यिक कार्यों में किया जा रहा था।

मृत्यु से पहले बेहोश हो गए होंगे

पोस्टमार्टम करने वाली टीम में शामिल एक वरिष्ठ डॉक्टर ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि सभी 15 मृतकों की मौत फेफड़ों में अत्यधिक धुआं जाने से चलते दम घुटने के कारण हुई। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान सामने आयी ये जानकारियां जांच अधिकारियों को दे दी गई हैं।

डॉक्टर ने कहा, आग से प्रभावित बंद जगहों पर ऑक्सीजन का स्तर तेजी से गिर सकता है और जहरीली गैसें जमा हो सकती हैं, नतीजतन दम घुटने के हालात बन जाते हैं। चिकित्सक ने बताया, कई मामलों में अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय या मौका नहीं मिल पाता। मरने से पहले धुएं के कारण वे लोग संभवतः बेहोश हो गए होंगे।

प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जांच जारी

राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में गत सोमवार की दोपहर तीन मंजिल की एक इमारत में सोमवार को आग लग गयी थीए जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई। जान गंवाने वालों में ज्यादातर लोग युवा थे। सरकार ने जान गंवाने वालों के परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा भी की है। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में आग से सुरक्षा के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए शैक्षणिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के निरीक्षण का अभियान शुरू किया गया है।

जलने से नहीं, दम घुटने से हुईं सभी मौतें

इस घटना में जान गंवाने वाले सभी 15 लोगों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से उनकी मौत होने की पुष्टि हुई है। सूत्रों ने बताया कि किसी भी शव के पोस्टमार्टम में ऐसी कोई गंभीर बाहरी चोट नहीं पायी गयी है, जिसे सीधे तौर पर मृत्यु का कारण माना जा सके। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों को शवों पर बुरी तरह जलने या गहरे घाव के कोई स्पष्ट सुबूत भी नहीं मिले हैं, मगर कई मृतकों के चेहरे और आंखों के आसपास सूजन देखी गई।

पोस्टमार्टम करने वाले विशेषज्ञों ने मृतकों की नाक के अंदर कालिख और धुएं के कण भी पाए गए, जिससे यह जाहिर होता है कि मरने से पहले उनके शरीर में काफी मात्रा में धुएं ने प्रवेश किया था और दम घुटने से उनकी मौत हुई। सूत्रों ने बताया कि इन तथ्यों के आधार पर डॉक्टरों ने निष्कर्ष निकाला कि आग लगने की घटना में मारे गये सभी 15 लोगों की मौत दम घुटने के कारण हुई है।

Singrauli News: भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस का रूट परिवर्तित किया गया

Singrauli News: नवानगर से लापता हुई किशोरी पचखोरा में मिली

Leave a Comment