Singrauli News: पचखोरा मार्ग बंद,सड़क खुदाई से सैकड़ों वाहन फंसे

Singrauli News: नगर पालिका क्षेत्र के पचखोरा मार्ग पर आज  शुक्रवार सुबह से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। ठेकेदार सुरेश द्वारा सड़क की खुदाई कर दिए जाने के कारण आसपास की आवासीय कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के सैकड़ों वाहन घरों के अंदर ही फंस गए हैं। अचानक की गई, इस कार्रवाई से लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं और दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो गई हैं।
स्थानीय रहवासियों ने इस पूरे मामले को लेकर भारी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि यदि ठेकेदार या संबंधित स्टाफ  द्वारा पहले सूचना दे दी जाती, तो वे अपने वाहनों को अन्य सुरक्षित स्थानों पर खड़ा कर सकते थे।
बिना किसी पूर्व सूचना के इस तरह सड़क खोद देना लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि सड़क खुदाई के दौरान वैकल्पिक मार्ग की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आवश्यक कार्यों से निकलने वाले नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर ठेकेदार की मनमानी पर रोक लगाई जाए और जल्द से जल्द आवागमन बहाल किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
ये भी पढ़े-

Leave a Comment