Singrauli News : बुधवार की शाम अचानक धूलभरी आंधी से जनजीवन जहां प्रभावित हुआ है, वहीं बैढ़न शहर करीब दो घंटे से ब्लैक आउट था। अचानक आई इस तूफान से कई कट आउट एवं पेड़ की डालियां भी गिरी हैं। हालांकि किसी भी प्रकार की जनहानि की खबर नही है।
दरअसल शाम 6 बजे तक ऊर्जाधानी में आसमान खुला था, दोपहर के वक्त ऊर्जाधानी का तापमान अधिकतम 43 एवं न्यूनतम 29 डिग्री रहा। इस दौरान लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान कर दिया। शाम ढलते ही अचानक मौसम का मिजाज बदला और धूल भरी आंधी ने पूरे ऊर्जाधानी को परेशान कर दिया। करीब डेढ़ घंटे से ऊपर आंधी का असर रहा है। इस दौरान जिला मुख्यालय बैढ़न समेत अधिकांश अंचल ब्लैक आउट हो गया। बिजली गुल होते ही शहर में अधेरा छा गया। आंधी का असर देवसर, बरगवां, माड़ा, सरई, चितरंगी, लंघाडोल थाना क्षेत्र में भी रहा है।
11 हजार बोल्टेज पर गिरा आम का पेड़
विद्युत वितरण केन्द्र चितरंगी क्षेत्र के सब स्टेशन धरौली अंतर्गत मनिकपुर गांव के 11 हजार बोल्टेज तार पर आज तूफान के दौरान एक आम का पेड़ भरभरा कर जड़ से उखड़ कर गिर पड़ा। जहां शाम के वक्त से ही बिजली कई गांवो में गुल है। बिजली के गुल होने से उमस भरी गर्मी से लोग काफी परेशान हैं। बताया जा रहा है कि तेज तूफान के चलते आम का पेड़ जड़ से उखड़ गया। गनिमत यही रही इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नही हुई है।