Singrauli News : नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 41 अंतर्गत गनियारी पहाड़ी टोला स्थित बीपीएल कॉलोनी में इन दिनों गंभीर पेयजल संकट गहरा गया है। भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि कई दिनों से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही, जिससे घरेलू कामकाज तक प्रभावित हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से ही महिलाएं और बच्चे पानी की तलाश में इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। कई परिवार दूर-दराज के हैंडपंपों और निजी स्रोतों से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि पानी की कमी के कारण सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। रहवासियों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए प्रभावित वार्डों में नियमित रूप से पानी के टैंकर भेजने की मांग उठाई है।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। स्थानीय नागरिकों का यह भी कहना है कि जब शहर के वार्डों में यह हाल है तो ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की दिशा में भी ठोस कदम उठाने की मांग की है।