Singrauli News: मंगलवार की रात को बरगवां थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे-39 में तेज गति से भागती यात्री बस ने एक मासूम बालक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 9 वर्षीय मासूम बालक कार्तिक उर्फ छोटू बसोर पता बिनोद बसोर निवासी बरहवाटोला की मौके पर ही मौत हो गई। मासूम बालक की मौत की सूचना मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए और परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
हादसे से गुस्साये लोगों ने एनएच-39 में चक्काजाम कर दिया, जिससे सीधी-सिंगरौली मार्ग में वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्साये लोगों से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन जिले में आए दिन हो रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों का गुस्सा इतना अधिक था कि वे किसी की बात मानने को तैयार नहीं थे।
बस में की गई तोड़फोड़
मासूम बालक को मौत के घाट उतारने वाली बस को लेकर लोगों का गुस्सा इतना सातवें आसमान पर था। गुस्साये लोगों ने बस में जमकर तोड़फोड़ कर अपने गुस्से को बाहर निकाला। राहत की बात रही कि हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, नहीं तो वह भी भीड़ का हिस्सा बन सकता था।
बालक की मौत से गुस्साये लोग मुआवजा राशि दिए जाने और सड़क हादसों में कमी लाने के लिए ठोस प्रयास किए जाने की मांग कर रहे थे। शाम 6 बजे से लेकर रात 11 बजे तक नेशनल हाइवे जाम था।
मातम में बदलीं चौथ की खुशियां
बताया जा रहा है कि मासूम बालक के घर में चौथ का कार्यक्रम चल रहा था। नात-रिश्तेदार और परिवार के लोग एकत्र थे। सभी लोग जब भोजन कर रहे थे, उसी समय काल बनके आई बस ने छोटू को मौत के घाट उतार दिया। जिससे चौथ कार्यक्रम की खुशियां मातम में बदल गईं। बरगवां पुलिस परिजनों से बातचीत कर मामले को शांत करवाया, तब जाकर रात 11 बजे जाम खुला। पुलिस बस को जब्त कर चालक की तलाश में लगी हुई है।
Singrauli News: भर्रा गांव की झाड़ियों में मिला अधेड़ का शव
Singrauli News: शहर में दौड़ती सिटी बसों से किराया सूची गायब, यात्रियों से होती मनमाफिक वसूली