Singrauli News: देवसर के ग्राम नौढ़िया आबाद के आरक्षित भूमि से कब्जा हटाकर गल्ला मंडी व गोदाम बनाने की मांग

Singrauli News: राजस्व अभिलेखों में गल्ला मंडी और गोदाम के लिए आरक्षित देक्सर के ग्राम नौढ़िया आबाद की आराजी क्रमांक 52 एवं 55 पर कथित रूप से अवैध कब्जा करने का ग्रामीणों ने आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह आराजी गल्ला मंडी और गोदाम के लिए चिन्हित है, लेकिन इसे निजी उपयोग में लेकर कथित रूप से अवैध कब्जा किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने इस पर कलेक्टर एवं राजस्व अमले का ध्यान आकृष्ट कराते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर निर्धारित उद्देश्य की पूर्ति के लिए गल्ला मंडी और गल्ला गोदाम का निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि किसानों की सुविधा, कृषि उपज के उचित भंडारण एवं व्यापार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासन द्वारा गल्ला मंडी के लिए भूमि निर्धारित की गई थी, लेकिन वर्तमान में इस भूमि पर कुछ स्थानीय लोगों द्वारा कथित रूप से कब्जा कर निजी उपयोग किया जा रहा है। इससे जहां शासन की योजना प्रभावित हो रही है, वहीं किसानों को मिलने वाली सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है।

गल्ला मंडी बनाने ग्राम पंचायत खाते में राशि

ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत नौढ़िया के खाते में कई वर्ष से गल्ला मंडी एवं गल्ला गोदाम निर्माण के लिए राशि उपलब्ध है, लेकिन निर्धारित भूमि पर कब्जा होने के कारण उसका निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा है। समय पर भूमि उपलब्ध नहीं होने से वह राशि के राजकोष में वापस जाने की स्थिति निर्मित हो रही है, जिससे शासन की महत्वपूर्ण योजना प्रभावित हो सकती है।

अभिलेखों के आधार पर सीमांकन की मांग

ग्रामीणों ने मांग की है कि आराजी क्रमांक 52 एवं 55 का राजस्व विभाग द्वारा तत्काल सीमांकन कराया जाए। मौके पर यदि जांच में इस पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि शासन की आरक्षित भूमि को सुरक्षित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

अन्य जगह का भी हटाया जाए अतिक्रमण

देवसर में शिव मंदिर सहित अन्य सार्वजनिक भूमि को भी अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग ग्रामीणों ने की है। इसमें शिव मंदिर एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमियों पर भी कार्रवाई की मांग दोहराई है। उनका कहना है कि जिस प्रकार धार्मिक एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की पहल की जा रही है, उसी तरह गल्ला मंडी जैसी जनहित से जुड़ी भूमि को सुरक्षित किया जाना चाहिए।

इनका कहना है

गल्ला मंडी व गोदाम के लिए आरक्षित भूमि पर कब्जे की जानकारी मिली है। कल पटवारी को भेजकर मौका मुआयना कराने के साथ स्थल रिपोर्ट मांगी गई है।

ऋषि नारायण सिंह, तहसीलदार देवसर

Singrauli News: जमीन विवाद में चले लाठी-डंडे दोनों पक्षों से कई लोग घायल

Singrauli News: नामांतरण व सीमांकन सहित अन्य कामों के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे कार्यालयों के चक्कर

Leave a Comment