CM Rise School Building: चितरंगी तहसील के सकेती गांव में सीएसआर मद के 9 करोड़ रुपये की लागत से पोल्ट्री हैचरी का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य दो साल पहले शुरू किया गया था, जिसे 12 महीने में पूरा करना था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है।
बुधवार को कलेक्टर गौरव बैनल अचानक निर्माणाधीन हैचरी का मुआयना करने पहुंचे गए। दो साल बाद भी निर्माण कार्य पूरा न करने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए संविदाकार को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अभी तक जो निर्माण कार्य किया गया है उसकी गुणवत्ता की जांच कराए जाने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ को दिए गए हैं। जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी, जो एक सप्ताह के अंदर अपनी रिपोर्ट कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करेगी।
मैटेरियल टेस्टिंग लैब की स्थापना करें
चितरंगी में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल भवन और आईटीआई के भवन का भी कलेक्टर द्वारा निरीक्षण किया गया। आईटीआई भवन 12 करोड़ व 42 करोड़ की लागत से सीएम राइज भवन का निर्माण चल रहा है। निरीक्षण के दौरान मौके पर मैटेरियल टेस्टिंग लैब की स्थापना किए जाने के निर्देश संबंधित निर्माण एजेंसियों को दिए गए हैं। निर्माण कार्य में जिस भी सामग्री का उपयोग किया जा रहा है उसकी टेस्टिंग करने के बाद ही उसका उपयोग किए जाने के निर्देश दिए हैं।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता मंजूर नहीं
कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि सीएम राइज स्कूल, आईटीआई भवन या फिर हैचरी हो, निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता मंजूर नहीं होगा। अब तक जो निर्माण कार्य हुआ है उसका परीक्षण करें। यदि कहीं गड़बड़ी मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, कार्यपालन यंत्री पीआईयू प्रदीप चढ़ार, तेजस्वी शुक्ला, संजय श्रीवास्तव, विपिन त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
ये भी पढ़े-