MP News : बस स्टैंड क्रमांक 2 पर बने यात्री प्रतीक्षालय में शुक्रवार की रात को अकेली हालत में मिली नाबालिग से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने मामा और उसके दो भांजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी और एक स्विफ्ट कार को जब्त किया है। उक्त मामले में एसपी ने जहां 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था, वहीं आईजी ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर पीडिता के छोड़ने तक 100 स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, इससे पुलिस आरोपी तक पहुंची और उन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया। कोतवाली पुलिस के अनुसार नाबालिग आरोपियों के कब्जे में बस स्टैंड पर साढ़े 11 बजे आई। बस स्टैंड पर स्थित चौकी में 11 बजे तक पुलिस रहती है, इसके बाद गश्त के लिए रात 12 बजे चीता टीम पहुंचती है। इसके पहले वह बस स्टैंड से निकल चुके थे, ग्राउंड पुलिस की मदद से आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना का मुख्य आरोपी रवि कुशवाहा पिता दुर्गा प्रसाद कुशवाहा निवासी डिगरिया हाल निवास कृष्णा कॉलेज महोबा रोड छतरपुर है।
नाबालिग यात्री प्रतीक्षालय में रात के वक्त अकेली हालत में जीना से ऊपर जा रही थी, जो परेशान हालत में थी। आरोपी ने यह बात पठापुर रोड निवासी अपने भांजे अरविंद कुशवाहा पिता दशरथ कुशवाहा को बताई। उसके आते ही उक्त दोनों नाबालिग के पास पहुंचे और उसे चोरी का भय दिखाकर बगैर नंबर की स्कूटी से पठापुर रोड ले गए, जहां उसके साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया।
इस दौरान आरोपी का एक और भांजा रविंद्र कुशवाहा पिता मोतीलाल कुशवाहा निवासी कुसमा थाना महाराजपुर हाल निवास पठापुर रोड छतरपुर स्विफ्ट कार से पहुंचा, उसने भी दरिंदगी की। इसके बाद हालत बिगड़ने पर उक्त आरोपी कार से उसे छत्रसाल चौक पर छोडकर वापस घर आ गए। सीसीटीवी फुटेजों के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी आरोपियों को घटना में प्रयुक्त कार और स्कूटी सहित दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है।