Singrauli News: अरसे बाद जिले की किसी प्रतिभा ने उच्च शिक्षा के मामले में सिंगरौली का नाम राज्य व राष्ट्रीय स्तर रोशन किया है। अभी तक यह देखने और और सुनने में नहीं आया था कि सिंगरौली के किसी लाल ने यूनिवर्सिटी टॉप किया हो, मगर देवसर के खोभा निवासी प्रतिभाशाली छात्र शिवेंद्र सिंह नामदेव ने वह कर दिखाया जो जिले के अन्य छात्रों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
दर्शन शास्त्र विषय से स्नातकोत्तर में सर्वाधिक अंक अर्जित करने पर उन्हें गत दिनों जबलपुर में आयोजित दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रमाणपत्र और तीन स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया। शिवेंद्र सेवानिवृत्त शिक्षक रामजी नामदेव एवं तुलसी नामदेव के पुत्र हैं।
अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से वे यह उपलब्धि प्राप्त करने में सफल हुए हैं। शिवेंद्र की इस सफलता से खोभा सहित पूरे देवसर क्षेत्र में हर्ष की लहर है। समाज के विभिन्न
वर्गों ने उनकी उपलब्धि को जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिले का नाम रोशन करने वाले इस होनहार युवा का सम्मान किया जाए, ताकि अन्य छात्र-छात्राएं भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो सकें।
अब अध्यात्म और संगीत में शोध करने का लक्ष्य
शिवेंद्र अब अध्यात्म और संगीत के माध्यम से शोध कार्य करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस शोध कार्य का लक्ष्य मानसिक रोगों से मुक्त स्वस्थ समाज और स्वस्थ जन-जीवन है। उन्होंने बताया कि वे बचपन से ही सत्य की खोज में एकांत में अध्ययन करता था। इस क्रम में एक महीने तक लगातार मौन भी रहता था।
एक टाइम भोजन करता था और 24 घंटे अपने ज्ञान और ध्यान में ही लगा रहता था। शिवेंद्र बताते हैं कि वे जाति और धर्म से सबको समान भाव से देखते हैं। उन्होंने राजा मानसिंह तोमर विश्वविद्यालय से संगीत से भी मास्टर्स डिग्री भी प्राप्त की है।
Singrauli News: मेधावी योजना के तहत 133 में से मात्र 20 विद्यार्थियों ने ली थी स्कूटी