Singrauli News: मोरवा बाजार में छोटे सिलेंडर में धमाका, बड़ा हादसा टला

Singrauli News: मोरवा स्थित पुरानी यूनियन बैंक रोड में बुधवार दोपहर एक छोटे गैस सिलेंडर में अचानक हुए विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार यहां एक व्यापारी छोटे चूल्हे और सिलेंडर बनाने का काम करता है। साथ ही वह छोटे सिलेंडरों में गैस रिफिलिंग का कार्य भी करता है। बताया जा रहा है कि घटना के समय उसकी दुकान बंद थी और दुकान के बाहर एक लोहे के कंटेनर में कुछ छोटे सिलेंडर रखे हुए थे। इसी दौरान उनमें से एक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।

धमाका इतना तेज था कि लोहे के कंटेनर की चादर उड़ गई और आवाज करीब 100 मीटर दूर तक सुनाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फटा हुआ सिलेंडर 5 किलो का था, जिसमें लगभग आधी गैस ही भरी हुई थी। लोगों का कहना है कि यदि सिलेंडर पूरी तरह भरा होता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।

घटना के समय राकेश विश्वकर्मा नामक व्यक्ति पास में खड़ी अपनी बाइक लेने जा रहा था, लेकिन किसी के आवाज देने पर वह कुछ देर रुक गया। इसी दौरान धमाका हो गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं संबंधित व्यापारी के मोरवा से बाहर होने की जानकारी मिली है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि मोरवा बाजार में कई छोटे व्यापारी अवैध रूप से सिलेंडर रिफिलिंग का काम करते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

ये भी पढ़े-

कलेक्टर ने चितरंगी में चल रहे CM Rise School Building और ITI के निर्माण का भी किया मुआयना

रात 9 बजे से ही शहर के Sulabh Complexes Waidhan में लटकने लगता ताला, मुसाफिर परेशान

Leave a Comment