Waidhan Bus Stand: सिंगरौली जिले के बैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र से दो वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार ग्राम नगोरा चटनिया टोला निवासी अर्जुन सिंह की पुत्री मनीषा सिंह शुक्रवार एवं शनिवार की मध्य रात लगभग 12:30 बजे बस स्टैंड बैढ़न क्षेत्र से लापता हो गई।
इधर बता दें कि बच्ची की उम्र लगभग 2 वर्ष बताई गई है। हुलिये के अनुसार रंग गोरा, कद करीब 2 फीट, आसमानी रंग की फूल टी-शर्ट एवं सफेद रंग का हाफ चड्डा पहनी हुई थी। बस स्टैंड बैढ़न में जब अर्द्धरात्रि को पिता की नींद खुली तो उसकी पुत्री गायब थी। आसपास बस स्टैंड में पता-तलाश किया, लेकिन कहीं भी बच्ची नजर नही आई। कुछ लोगों ने सलाह दिया कि बगल में कोतवाली थाना है, जाकर वहां शिकायत कर दो। पीड़ित के अनुसार औड़ी मोड़ से वह आया था , साथ में एक व्यक्ति भी था और वह भी बगल में सोया हुआ था।
बच्ची के साथ युवक भी गायब है। हालांकि युवक को पीड़ित नही पहचानता। पीड़ित थाने पहुंच शिकायत की, जहां अर्द्धरात्रि से ही कोतवाली पुलिस के साथ-साथ विंध्यनगर, जयंत, नवानगर, मोरवा, सासन, बरगवां, खुटार की पुलिस बच्ची के तलाश में जुट गई है। जहां पुलिस सीसीटीव्ही फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं अभी तक बच्ची का कोई पता नही चल पाया है।
ये भी पढ़े-
Singrauli News: गन्नई में नलकूप खनन कर रही बोरिंग मशीन ट्रक जप्त, प्रतिबंध आदेश का कर रहे थे उल्लंघन