Black Marketing of LPG: घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अनाधिकृत रूप से रिफलिंग करने वालों पर प्रशासन की कार्रवाई

Black Marketing of LPG: एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए बुधवार को शहर के कई जगहों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान नवभारत इंटरप्राइजेज व एसके किचन केयर में बड़ी संख्या में भरी और खाली गैस की टंकियां मिलीं, जिनको जब्त कर लिया गया है।

दोनों प्रतिष्ठानों से गैस री-फिलिंग करने के उपकरण भी मिले हैं। जिनके माध्यम से अवैध रूप से गैस की री-फिलिंग की जा रही थी। बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन के अधिकारियों को शिकायतें मिल रही थीं कि दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। यानी घरेलू गैस टंकी में भरी गैस को कमर्शियल गैस टंकियों में भरकर महंगे दामों में बेच रहे थे।

11 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त 

जांच के दौरान नवभारत इंटरप्राइजेज से 2 सीलबंद घरेलू गैस सिलेंडर तथा दो नग खाली गैस सिलेंडर और दो नग री-फिलर मशीन मिली है। वहीं एसके किचन केयर के पास से 2 नग सीलबंद घरेलू गैस सिलेंडर, 2 नग खाली सिलेंडर और एक नग री-फिलर मशीन मिली है। दोनों प्रतिष्ठानों से जब्त की गई सामग्री को सुरक्षा के लिहाज से नजदीकी गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया है। जांच टीम को कई अन्य जगहों पर भी दबिश देनी थी, लेकिन दोनों जगहों पर दबिश की जानकारी सार्वजनिक हो गई, जिससे अनाधिकृत रूप से काम करने वाले कई लोग सतर्क हो गए हैं, इसलिए कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाई गई।

दुकान संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

जिन दो दुकानों में अनाधिकृत रुप से गैस री-फिलिंग किए जाने और बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर मिले हैं, उनके खिलाफ खाद्य विभाग द्वारा प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। अवैध रुप से घरेलू गैस सिलेंडर का भंडारण करने और रिफलिंग करना सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक माना गया है। एसडीएम सुरेश जाधव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में तहसीलदार अभिषेक यादव, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी शम्मी पटले सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।

कालाबाजारी पर नजर रखने की जरुरत

कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम 9 सौ रुपये से अधिक बढ़ाए जाने के बाद घरेलू गैस की कालाबाजारी शुरू हो गई है। अवैध रूप से गैस में री-फिलिंग करने वाले लोग घरेलू गैस टंकी को लेकर कमर्शियल गैस टंकी में रिफिल कर उसे महंगे दामों में बेच रहे हैं। गौरतलब है कि कमर्शियल गैस की सप्लाई कम होने और शादी विवाह का सीजन होने से कमर्शियल गैस सिलेंडर की डिमांड बढ़ गई है, जिसका फायदा कुछ बिचौलिए उठा रहे हैं। ऐसा न हो, इसको ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से जांच करने की जरूरत है।

ये भी पढ़े-

Basketball Summer Camp: एक माह के बास्केटबॉल समर कैंप की कन्या कॉलेज में हुई शुरुआत

Government Girls College Waidhan: कन्या कॉलेज वैढ़न की छात्राओं ने सीखे वीडियो एडिटिंग व कंटेंट क्रिएशन के गुण 

Leave a Comment